
उदित वाणी, जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सड़कों पर भीड़ और जाम से बचाव के लिए जिला पुलिस और प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक योजना तैयार कर ली है. उपायुक्त के अंतिम सर्वे के बाद इस पर हरी झंडी मिल जाएगी.
योजना के तहत मानगो से पुराने एमजीएम अस्पताल होकर साकची गोलचक्कर तक की सड़क को वन-वे कर दिया गया है. मानगो पुल पार करने के बाद वाहन पुराने एमजीएम अस्पताल से साकची की ओर जाएंगे, जबकि पुराना कोर्ट होकर जाने वाली सड़क पर दोनों ओर से वाहन चल सकेंगे. इसी तरह एग्रिको गोलचक्कर से साकची जाने वाले वाहनों को कुम्हारपाड़ा होते हुए एपेक्स अस्पताल मार्ग से भेजा जाएगा.
टाटानगर स्टेशन से बर्मामाइंस की ओर जाने वाले वाहन पुराने थाना मार्ग का इस्तेमाल करेंगे. वहीं बर्मामाइंस गोलचक्कर से स्टेशन जाने वाले वाहनों को बीपीएम हाई स्कूल होते हुए टीआरएफ मार्ग से गुजारा जाएगा. स्टेशन से कीताडीह होकर एलबीएसएम कॉलेज रोड तक मार्ग वन-वे किया गया है. करनडीह जाने वाले वाहन इसी रास्ते से जाएंगे. सदर अस्पताल वाली सड़क को भी स्टेशन की ओर वन-वे बनाया गया है. इसके अलावा सोनारी-कगलनगर वाली सड़क को भी वन-वे घोषित किया गया है.
28 पार्किंग स्थल तैयार
पंडालों और प्रमुख इलाकों के आसपास कुल 28 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं. इनमें सोनारी-कगलनगर के पास दो, सीएच एरिया, कदमा गणेश पथ, बिष्टुपुर में तीन, जुबली पार्क के पास दो, आमबगान, साकची में तीन, बर्मामाइंस और टेल्को के स्थान शामिल हैं. भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशासन ने कई जगह स्लाइडर गेट और ड्रॉप गेट भी लगाए हैं.
पुलिस-प्रशासन का दावा है कि इस रूट चार्ट और पार्किंग व्यवस्था से श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान यातायात में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.

