
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में ईस्ट रेलवे दुर्गा, लक्ष्मी एवं काली पूजा कमेटी के भव्य पंडाल का उद्घाटन रविवार को मातृशक्ति के हाथों किया गया. पूजा पंडाल लंदन के प्रसिद्ध क्लॉक टावर की तर्ज पर तैयार किया गया है, जो आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.

मातृशक्ति ने किया उद्घाटन
वैदिक परंपरा के अनुसार, माता की पूजा अगर मातृशक्ति द्वारा की जाए तो वह और अधिक सार्थक मानी जाती है. इसी परंपरा को आधार बनाते हुए इस वर्ष पंडाल का उद्घाटन समिति की महिलाओं एवं पत्नियों द्वारा सामूहिक रूप से किया गया. करीब 45 महिलाओं ने एकजुट होकर फीता काटकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया.
क्लॉक टावर तर्ज पर पंडाल
पूजा पंडाल की चौड़ाई 15 फीट और लंबाई 72 फीट है. लंदन के प्रसिद्ध क्लॉक टावर जैसी बनाई गई इस संरचना ने लोगों का ध्यान खींचा है. उल्लेखनीय है कि यहां वर्ष 1906 से लगातार भव्य पूजन का आयोजन होता आ रहा है. इस बार मातृशक्ति को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह विशेष पहल की गई है.

मुख्य अतिथि ने की प्रशंसा
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांति चौधरी, छाया रानी मुखर्जी और सुमन पांडे उपस्थित रहीं. उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल प्रेरणादायी है बल्कि समाज में नारी शक्ति की भूमिका को सशक्त बनाने वाली है. उन्होंने समिति के पदाधिकारियों को बधाई दी और माता रानी से क्षेत्र और पूरे प्रदेश की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की.
गणमान्यों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर कमेटी के संरक्षक महेश सिंह, अध्यक्ष घनश्याम चौधरी, विश्वजीत मुखर्जी, रजनीश कुमार, अमित कुमार, अजय कुमार, आर.के. सिंह, पवन, नंदू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.

