
उदित वाणी, जमशेदपुर : दीपावली के त्योहार को लेकर शहर की सड़कों पर बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. यह ट्रैफिक प्लान तीन दिनों—18, 19 और 20 अक्टूबर—तक लागू रहेगा.
जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे और ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के संयुक्त आदेश पर यह नो-एंट्री एडवाइजरी जारी की गई है. इसके तहत धनतेरस के दिन 18 और 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक बस को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. वहीं, दीपावली के दिन 20 अक्टूबर की सुबह 6 बजे से लेकर 21 अक्टूबर की सुबह 6 बजे तक भी यही नियम लागू रहेगा.
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों—बिष्टुपुर, साकची, मानगो, कदमा और सोनारी—में लोगों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. ऐसे में ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है. पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
एसएसपी पीयूष पांडे ने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. सभी नागरिकों से अपील है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों का संचालन न करें. ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

