
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपश्रमायुक्त अरविन्द कुमार ने शुक्रवार को एनएच-33 स्थित उमा हॉस्पिटल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपश्रमायुक्त अरविन्द कुमार ने कर्मचारियों से वेतन और बोनस को लेकर पूछताछ की. इस दौरान पता चला कि अस्पताल में कुल 27 कर्मचारी कार्यरत है.
इन कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है. वहीं बोनस भी कम दिया जा रहा है. उपश्रमायुक्त अरविन्द कुमार ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को न्यूनतम मजदूरी अधिनियम और बोनस भुगतान अधिनियम के तहत नोटिस किया जाएगा. अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा जाएगा. मिले जवाब की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मालूम हो कि झारखंड सरकार द्वारा अप्रैल 2025 से तय किए गए न्यूनतम मजदूरी के मुताबिक अकुशल मजदूर को प्रतिदिन 501 रुपए, अर्द्धकुशल मजदूर को 525 रुपए, कुशल व लिपिकीय कार्य 692 रुपए और अतिकुशल मजदूर को 798 रुपए का भुगतान करना है. इनसे कम भुगतान करने पर सबंधित संस्थान पर नियमपूर्वक कार्रवाई का प्रावधान है.

