
उदित वाणी जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको निवासी जगदंबा त्रिपाठी साइबर ठगों के शिकार हो गए। ठगों ने हिंद टूर एंड ट्रैवल कंपनी के नाम से एक फर्जी लिंक भेजकर उनके बैंक खाते से ₹70,000 उड़ा लिए। पुलिस के अनुसार, त्रिपाठी को मोबाइल पर एक लिंक प्राप्त हुआ जिसे उन्होंने खोला और ठगों के बताए निर्देशों का पालन किया। इसी दौरान उनके खाते से राशि ट्रांसफर हो गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने रविवार को सिदगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। जिस मोबाइल नंबर से लिंक भेजा गया, उसके धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इधर, भुइयांडीह लिट्टी चौक स्थित हनुमान मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकदी ले उड़े। पुलिस के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पेटी में कितनी रकम थी, लेकिन कई दिनों से पेटी नहीं खोली गई थी, जिससे अनुमान है कि उसमें अच्छी खासी रकम थी।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। शुक्रवार रात को ही टेल्को क्षेत्र के कई मंदिरों की दान पेटियों से भी चोरों ने रुपये पार कर दिए थे। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में चिंता बढ़ी है और पुलिस ने गश्त व निगरानी तेज करने का आश्वासन दिया है।
