
उदित वाणी जमशेदपुर : झारखंड सीआईडी की साइबर क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑनलाइन ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जमशेदपुर से गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने देशभर में अब तक करोड़ों रुपये की ठगी की है। हाल ही में इसने ₹2.98 करोड़ की साइबर ठगी को अंजाम दिया था।
शिकायत से खुला मामला
मामले की शुरुआत रांची में दर्ज एक एफआईआर से हुई। पीड़ित को टेलीग्राम पर ग्लोबल इंडिया नामक कंपनी की ओर से एक लिंक भेजा गया। उस पर क्लिक करते ही वह शिकागो बोर्ड ऑफ ऑप्शंस एक्सचेंज से जुड़ी एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच गया। वहां मेटल ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग खातों में ₹2,98,66,750 रुपये निवेश करवाए गए। लाभ न मिलने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर थाने में शिकायत की।
गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार
जांच में मुख्य आरोपी की पहचान कदमा थाना क्षेत्र, शास्त्री नगर निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई। सीआईडी टीम ने उसे जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के इंडसइंड बैंक खाते (संख्या 201034608570) में एक ही दिन में ₹1.15 करोड़ जमा हुए थे।
अंतरराज्यीय गिरोह का नेटवर्क
इससे पहले भी इस गिरोह के खिलाफ नोएडा सेक्टर-36 थाना में ₹3.29 करोड़ की ठगी का मामला दर्ज है। यह साइबर नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय है। सीआईडी अब अन्य सदस्यों, संदिग्ध खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच कर रही है।
सीआईडी की चेतावनी
झारखंड सीआईडी ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन निवेश स्कीम से दूर रहें। साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठग रहे हैं, इसलिए किसी भी लिंक या ऑफर पर क्लिक करने से पहले पूरी तरह जांच करें।
