
उदित वाणी, जमशेदपुर : दुर्गा पूजा की भीड़ का फायदा उठाकर चोरीकी वारदातों को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का बिष्टूपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 26 महिलाओं को हिरासत में लिया है, जो सभी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की रहने वाली बताई जा रही हैं। ये महिलाएं सोमवार को ही ट्रेन से जमशेदपुर पहुंची थीं और जुगसलाई स्थित एक होटल में ठहरी हुई थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिलाएं अलग-अलग समूह बनाकर शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों—विशेषकर पूजा पंडालों और बाजारों में—चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं। ये महिलाएं मुख्य रूप से महिलाओं की सोने की चेन, पर्स और मोबाइल फोन पर हाथ साफ करती थीं। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए कई सामान भी बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार सुबह बिष्टूपुर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी में एक महिला श्रद्धालु की सोने की चेन चोरी हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध महिलाओं को चिन्हित किया। इसके बाद दबिश देकर सभी को होटल से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाहरी जिलों से ऐसे गिरोह सक्रिय हो जाते हैं और आम लोगों को सतर्क रहना चाहिए। सभी महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और बरामदगी का ब्योरा तैयार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।

