
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में कानून व्यवस्था पर फिर सवाल उठे हैं. सोमवार देर रात करीब 11:50 बजे वी.एड. लायला कॉलेज गेट नंबर 1 के पास चार अपराधी तलवार जैसी धारदार हथियार लेकर पहुंचे और दिन में प्रशासन द्वारा हटाए गए ठेले को दोबारा स्थापित करने लगे. बताया जा रहा है कि इसी दौरान इलाके में दौड़ने वाले कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सचेत हो गए.
पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि आवाज सुनते ही जब वे दरवाजा खोलकर बाहर आए, तो चारों अपराधी भागने लगे. उनमें से एक ठेला लगाने वाली का पति था, जबकि तीन अन्य अज्ञात अपराधी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का बोलबाला बढ़ता जा रहा है. लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन चुपचाप सो रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. वहीं, शिकायत करने वालों को ही अक्सर परेशान किया जाता है, जिससे आम नागरिकों का प्रशासन और कानून पर से भरोसा उठता जा रहा है.
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि तुरंत कार्रवाई करते हुए ऐसे असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया जाए और इलाके में नियमित गश्त बढ़ाई जाए ताकि नागरिकों में विश्वास बहाल हो सके.

