
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जाहेर टोला में गुरुवार सुबह बदमाशों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, घर मालिक विनोद कुमार सुबह अपने परिवार के साथ साकची बाजार खरीदारी करने गए थे। दोपहर करीब 12 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।
विनोद कुमार ने बताया कि उनकी मां कैंसर पीड़ित हैं, जिनके इलाज के लिए वे 5 अक्टूबर को बाहर जाने वाले थे। इस कारण उन्होंने घर की अलमारी में 55 हजार रुपये नकद और लगभग 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने रखे हुए थे। बदमाश दरवाजे तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी से नकद व गहने ले उड़े।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चार से पांच युवक घर के पास पहुंचे और मुख्य गेट को लात मारकर तोड़ा। इसके बाद उन्होंने कमरों के दरवाजे तोड़ दिए और अलमारी में रखे सामान को खंगालते हुए जेवर और नकद लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है और उसमें दिख रहे युवकों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और मोहल्ले में असुरक्षा की भावना गहराई है।

