
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा के पास हुए सनसनीखेज 30 लाख रुपये की लूटकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुरुवार को पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी राकेश कुमार उर्फ पकौड़ी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शहर में लाया। पकौड़ी की निशानदेही पर नोआमुंडी स्थित सुधीर बेहरा के घर में छापेमारी की गई, जहां से लूटे गए रकम में से पांच लाख रुपये बरामद किए गए। अब तक इस मामले में कुल 10 लाख रुपये, लूट में प्रयुक्त हथियार और इनोवा कार पुलिस के कब्जे में आ चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी वारदात एक सुनियोजित षड्यंत्र का परिणाम थी, जिसका मास्टरमाइंड कमलेश दूबे है। कमलेश दूबे रानीकुदर का निवासी है और बिष्टुपुर में एचएएचएफसी बैंक के पास एक कूरियर कंपनी में काम करता है। वह कारोबारी साकेत अग्रवाल को बार-बार रुपये लेकर बैंक आते-जाते देखता था। इसी दौरान उसने कारोबारी से लूट की योजना बनाई। योजना के तहत शातिर पकौड़ी को इसमें शामिल किया गया। पकौड़ी ने ही कारोबारी से रुपये भरा बैग छीना और घटना के समय हवाई फायरिंग भी की थी।
पुलिस ने साकेत अग्रवाल के घर के साथ-साथ वारदात के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। इस जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिससे पुलिस को कपाली से इनोवा कार बरामद करने में सफलता मिली। इसके बाद पुलिस ने कार चालक गणेश कुंभकार और कार के मालिक को गिरफ्तार किया। अब तक इस मामले में कदमा रानीकुदर निवासी कमलेश दूबे, गणेश कुंभकार, सुधीर बेहरा सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा, पुलिस ने लूट में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि आदित्यपुर के करण कुमार व उसके दो साथियों की भी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और सर्वे कार्य जारी है। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि इस लूटकांड में प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से सात से आठ युवक शामिल थे। पकौड़ी ने नोआमुंडी में सुधीर बेहरा के घर में छुपाकर पांच लाख रुपये रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद किया। वहीं इनोवा कार का नंबर प्लेट भी घटना से एक दिन पहले ही हटवाया गया था, ताकि पहचान से बचा जा सके।
यह लूटकांड 4 सितंबर को बिष्टुपुर गुरुद्वारा के पास बस्ती रोड नंबर-2 निवासी व हिन्दुस्तान लीवर एजेंसी संचालक साकेत अग्रवाल से हुआ था। कारोबारी जब बैंक से रुपये लेकर घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर हमला बोलकर 30 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने इस गंभीर मामले की गहराई से जांच शुरू की थी और अब तक की बरामदगी व गिरफ्तारी से मामले के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

