
उदित वाणी, जमशेदपुर : मंगलवार की रात गोलमुरी थाना क्षेत्र में महिलाओं से पर्स छिनतई की दो बड़ी घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी थी। महज पंद्रह मिनट के भीतर स्कूटी सवार एक युवक ने दो अलग-अलग महिलाओं को निशाना बनाकर उनके कंधे से पर्स झपट लिए थे। घटनाओं के तुरंत बाद पीड़िताओं की शिकायत पर गोलमुरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामले दर्ज किए और सिदगोड़ा थाना की मदद से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को एसएसपी कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने इस गिरफ्तारी की जानकारी सार्वजनिक की।
पहली घटना रात लगभग 8:15 बजे की है, जब पिपला निवासी निधिराम महतो अपनी पत्नी रूपाली महतो के साथ साकची से गोलमुरी होते हुए घर लौट रहे थे। एनएमएल फ्लैट गेट के पास अचानक पीछे से आए स्कूटी सवार ने रूपाली महतो का पर्स झपट लिया और तेज़ी से वहां से भाग निकला। गोलमुरी थाना में इस घटना को लेकर कांड संख्या 136/25 दर्ज की गई।
करीब पंद्रह मिनट बाद दूसरी घटना सामने आई। बिरसानगर की रहने वाली कोमल कुमारी, जो बिष्टुपुर से अपने घर लौट रही थीं, गोलमुरी चर्च के पास उसी स्कूटी सवार ने उनके कंधे से पर्स छीन लिया। पीड़िता ने भी तत्काल गोलमुरी थाना में शिकायत दर्ज कराई।
इन दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। तत्काल सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार की सहायता से अभियुक्त शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी शुभम कुमार विद्यापतिनगर का रहने वाला है। उसके पास से लाल रंग की स्कूटी (पंजीयन संख्या जेएच 05बीइक्स-2164) बरामद की गई है।
पुलिस ने छिनतई में प्रयुक्त स्कूटी के साथ ही दोनों पीड़िताओं के पर्स और अन्य सामान भी बरामद कर लिया। बरामदगी में दो हल्के गुलाबी रंग के लेडीज़ बैग, एक वीवो मोबाइल, सफेद रंग की दो जोड़ी बाला, एक पेन ड्राइव, नकद 2750 रुपये, नीला हेलमेट, तीन डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड और महिला मेकअप का सामान शामिल है।
एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अपराधियों के खिलाफ कड़ा कानून लागू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि इस तरह की घटनाओं पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। एसपी ने जनता से अपील की कि यदि ऐसी किसी भी घटना का सामना हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस गिरफ्तारी से इलाके में राहत की स्थिति बनी है। पुलिस ने आरोपित शुभम कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क और अन्य संभावित अपराधी भी पकड़ में आ सकें।

