
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के बारीडीह सिरका टोला में रविवार की सुबह एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक की पहचान जगदीश हेंब्रम (29) के रूप में की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की सूचना जगदीश की पत्नी सारंती हेंब्रम ने दी थी। उनके बयान पर कोंदा हेंब्रम, अंजली हेंब्रम, बुधु हेंब्रम, बादल हेंब्रम, सरकार हेंब्रम और सनातन हेंब्रम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि जगदीश अपनी पत्नी के साथ सुबह लगभग 7 बजे लकड़ी लेने घर से निकला था। तभी दोनों की मुलाकात आरोपियों से हो गई। आरोपियों ने लकड़ी लेने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोपियों ने पहले सारंती हेंब्रम को पानी में धकेल दिया और फिर जगदीश हेंब्रम पर कुल्हाड़ी व तलवार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने सरकार हेंब्रम और कोंदा हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं।

