
उदित वाणी, जमशेदपुर :- डिमना मुख्य रोड पर अवैध गतिविधियों और लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग खौफ में हैं। उलीडीह थाना क्षेत्र में नेशनल इलेक्ट्रॉनिक के बगल में रहने वाले पप्पू गौतम के घर हाल ही में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान की चारदीवारी फांद कर ताला तोड़कर अंदर घुसे और खिड़की तोड़ने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पप्पू की नींद खुल गई। जब उनकी नजर चोरों से मिली, तो चोरों ने बटन चाकू दिखाकर धमकाते हुए गालियां दीं। पप्पू ने मोबाइल से पुलिस को कॉल करने की कोशिश की, तो चोर डर के मारे मौके से फरार हो गए। जांच में पता चला कि चोर पानी की मोटर भी चोरी कर ले गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में डेली लॉटरी और ब्राउन शुगर की खुलेआम बिक्री का कारोबार चल रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि बिना थानेदार की मिलीभगत के इतनी बड़ी खुली अवैध गतिविधि संभव नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि बड़ी सफेदपोश हस्तियां भी इसके पीछे हो सकती हैं। विकास सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में अवैध वसूली और अपराध की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिससे इलाके की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लग चुका है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करके चोरी और अवैध कारोबार पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा पीड़ितों ने कई बार मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ने से इलाके में भय का माहौल व्याप्त हो गया है।

