
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह में एक किशोरी के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सी. गोपी राव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 13 सितंबर की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी खेलते-खेलते अपने घर के पास स्थित दुकान तक गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत की। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और बुधवार से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
आरोपी वी. गोपी राव सोनारी न्यू लाइन का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि मुखबिरों की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में महिलाओं और किशोरियों के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म के मामलों में इजाफा हुआ है। पुलिस इन मामलों में सख्त रवैया अपनाते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है।

