
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर और आसपास के इलाकों में बीती रात अपराधियों ने सक्रियता दिखाई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं की सूचना मिली है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।
सबसे बड़ी वारदात साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में हुई, जहां एक राशन दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। पीड़ित दुकानदार सुमित कुमार अग्रवाल के मुताबिक, चोरों ने उनकी दुकान से करीब 1.5 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया। इसमें 70 हजार रुपये नकद के अलावा बड़ी मात्रा में ड्राई फ्रूट्स शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने दुकान के पुराने और कमजोर दरवाजे को तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है और मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से असामाजिक तत्व सक्रिय हैं। रात में गश्ती व्यवस्था और मजबूत करने की मांग भी उठाई गई है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
फिलहाल पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
