
उदित वाणी, जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी मंगलवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बरररोल की ओर से मोटरसाइकिल पर ब्राउन शुगर की खेप लाई जा रही है। सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला अजीत कजूर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी के दौरान एनएच-49 स्थित वृंदावन होटल के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन पीछा कर चारों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन खटुआ, राकेश कुमार षण्ड, राजा रजक और अंशु मिश्रा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान चंदन खटुआ से 60 पुड़िया (5.20 ग्राम), राकेश से 21 पुड़िया (1.91 ग्राम), राजा से 12 पुड़िया (1.05 ग्राम) और अंशु से 13 पुड़िया (1.22 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद हुई। कुल 106 पुड़िया का वजन 9.380 ग्राम पाया गया। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और 1550 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 68/2025 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा सहित राहुल कुमार, ओम शरण, शुभकांत झा, कमल टिड्डू, सुमन कुमार ज्योति और आफताब आलम समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

