
उदित वाणी, जमशेदपुर :- टेल्को थाना क्षेत्र के टेल्को कॉलोनी में सोमवार शाम चोरी की बड़ी घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने कॉलोनी स्थित एक क्वार्टर का ताला टूटा देखा। संदेह होने पर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पाया कि क्वार्टर के अंदर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला।
घटना की जानकारी तुरंत मकान मालिक तक पहुंचाई गई। बताया गया कि मकान मालिक गंगा स्नान के लिए बिहार के बेगूसराय स्थित सिमरिया गए हुए हैं। फिलहाल उनके चचेरे भाई संजीव चौधरी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ घर का निरीक्षण किया। संजीव चौधरी ने बताया कि मकान उनके चाचा का है और चोरी में कितना नुकसान हुआ है, यह आकलन तभी संभव होगा जब मकान मालिक लौटेंगे।

इधर, टेल्को थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में मुखबिरों का जाल बिछाया गया है ताकि अपराधियों की शीघ्र पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।

