
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के नीलडीह के पास मंगलवार रात एक स्कूटी सवार अपराधी ने टाटा मोटर्स कर्मचारी सुरेंद्र सिंह की पत्नी नीतू सिंह से पर्स छीनने का प्रयास किया। घटना में नीतू और उनका छह वर्षीय बेटा सार्थक सड़क पर गिर गए और दोनों घायल हो गए। खासकर सार्थक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, नीतू के चेहरे पर भी चोटें देखी गईं। इलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ साकची से अपने घर लौट रहे थे। नीलडीह सिग्नल के पास पीछे से आए एक स्कूटी सवार युवक ने उनकी पत्नी नीतू का पर्स झपटने की कोशिश की। नीतू ने मजबूती से पर्स पकड़े रखा, जिससे छीना-झपटी हुई और वह अपने बेटे के साथ सड़क पर गिर गईं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही इलाके के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोग घटना के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं और अपराधी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर मामले को सुलझाएंगे। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोग व समाजसेवी इस वारदात को समाज के लिए एक चेतावनी मानते हुए महिला सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशील रवैये से इलाके में लोगों को न्याय मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

