
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो डिमना रोड स्थित संजय पंथ इलाका रविवार तड़के एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। सुबह करीब पांच बजे आस्था स्पेस टाउन निवासी शातिर अपराधी टेका चौधरी अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा और कुख्यात बदमाश गुड्डू पांडेय के घर पर चार राउंड फायरिंग की। अचानक हुई इस वारदात से मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग दहशत में आ गए और घरों में छिप गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेका चौधरी वारदात से पहले बाइक से उतरकर गुड्डू पांडेय के घर की कॉल बेल बजाई और गाली-गलौज की। इसके बाद उसने पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। फायरिंग के दौरान उसने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर भी निशाना साधा। घटना के वक्त गुड्डू पांडेय घर पर मौजूद नहीं था, क्योंकि उसे जिला प्रशासन ने तड़ीपार किया हुआ है।
गोली की आवाज सुनकर घरवाले बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलने के करीब ढाई घंटे बाद सुबह साढ़े सात बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया और सीसीटीवी फुटेज जब्त की, जिसमें टेका चौधरी और उसका साथी फायरिंग करते साफ दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, टेका चौधरी अमरनाथ सिंह हत्या कांड का आरोपी रह चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर है। पुलिस का मानना है कि यह हमला पुराने विवाद का नतीजा है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले गुड्डू पांडेय ने टेका चौधरी की पिटाई की थी, जिसका बदला अब लिया गया। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2024 में भी गुड्डू पांडेय के घर पर सिंटू सिंह गिरोह ने 15 राउंड फायरिंग की थी। अब डेढ़ साल बाद फिर गोलियों की गूंज से इलाके में भय का माहौल बन गया है।

