
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के साकची बाजार में दिनदहाड़े एक महिला से सोने की कंगन, चैन, अंगूठी और ₹5000 नकद लूट की घटना ने लोगों में दहशत मचा दी है। यह वारदात उस वक्त हुई जब महिला अल्ट्रासाउंड कराने अपने नजदीकी अल्ट्रासाउंड सेंटर गई थी। घटना के अनुसार, अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाहर तीन अज्ञात युवक महिला के पास आए और कहा कि वे उसे जादू दिखाएंगे। फिर उन्होंने उसकी कंगन, अंगूठी, चैन और साथ ही उसका बैग जबरन छीन लिया। महिला के पास बैंक से निकाले गए ₹5000 भी थे, जिन्हें अपराधी लूट कर फरार हो गए।
महिला ने लूट की घटना के दौरान जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची साकची पुलिस ने पीड़िता से घटना के संबंध में पूछताछ की और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
जमशेदपुर में लूट, हत्या और डकैती जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। जिला पुलिस कप्तान द्वारा सभी थानेदारों के तबादले के बावजूद अपराधों में कमी नहीं आ रही है। अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर इस समय, जब दुर्गा पूजा का पर्व नजदीक है, दूसरे राज्य से आए अपराधी जमशेदपुर में सक्रिय हो चले हैं। स्थानीय लोग सुरक्षा की कमी को लेकर असंतुष्ट हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल जांच के माध्यम से दोषियों को पकड़ने का प्रयास जारी है ताकि आम जनता सुरक्षित महसूस कर सके।

