
उदित वाणी, जमशेदपुर : ओलीडीह ओपी क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में फायरिंग कर एक युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर की रात जगदम्बा होटल के पास शराब पीते समय आपसी विवाद के दौरान बंटी शर्मा (21) को गोली लग गई थी। गंभीर हालत में बंटी शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस गंभीर घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सागर प्रसाद और हीरा यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने 9 सितंबर को रोड नंबर-15 के समीप एनएच-33 पर दोनों आरोपियों को घेरकर दबोच लिया। सख्त पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों ने घटना को स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सागर प्रसाद की निशानदेही पर हीरा यादव के घर के बरामदे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। सागर प्रसाद का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत आरोपित रह चुका है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश अभी भी जारी है। मामले की जांच को और गहराई से आगे बढ़ाया जा रहा है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी नित्यानन्द प्रसाद, परवन साह, रविशंकर कुमार, रविन्द्र पाण्डेय, आरक्षी राहुल कुमार और मधुसूदन बानरा शामिल थे। इस पूरे मामले की जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को दी। उन्होंने कहा कि कानून के तहत दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

