
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टेल्को के मंडल बस्ती डी.वी.सी. के पास संदिग्ध गतिविधि की खबर मिलने पर गश्ती दल ने कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन आरक्षी 388 सम्श तबरेज खुर्शीद के कुशल नेतृत्व में उसे मंडल बस्ती के पास पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान कन्हैया लाल (45), वर्मामाईस ईस्ट प्लान बस्ती पंजाबी लाइन का निवासी बताई गई।
संदिग्ध के कब्जे से तलाशी में एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसमें दो 7.65 मिमी गोलियां और एक खाली मैगजीन मिली। साथ ही दो अतिरिक्त मैगजीन, एक की-पैड मोबाइल और एक ब्लू रंग का थैला भी जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गहराई से जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपी से जुड़ी अन्य आपराधिक साजिशों का खुलासा किया जा सके। एसपी सिटी कुमार शिवाशीष ने अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही और जनता से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को तुरंत दें।

