
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के बीच एक बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई संध्या गश्ती के दौरान पु.अ.नि. गौरव सिंह के नेतृत्व में की गई। मिली जानकारी के अनुसार, कालीमाटी रोड की ओर महिन्द्रा टेम्पु संख्या जेएच 05सीएम-2221 पर चोरी का लोहे का एंगल ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल कार्रवाई की गई। कालीमाटी रोड स्थित एमएस ढाबा के पास टैंगो-31, टैंगो-32 और पीसीआर की मदद से चेकनाका लगाकर वाहन चेकिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी क्रम में एक टेम्पु को तेज रफ्तार से आते देखा गया। पुलिस की सतर्कता से वाहन को रोका गया, लेकिन उसमें सवार एक संदिग्ध भागने में सफल रहा। वाहन चालक गणेश गोप (30), डिमना रोड, मानगो निवासी को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान टेम्पु में करीब दो टन चोरी का लोहे का एंगल बरामद किया गया। चालक से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई प्रमाण नहीं दिखा सका। गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ गोलमुरी थाना में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। वाहन सहित बरामद माल को विधिवत् जप्त कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।

