
उदित वाणी, जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। गांधी नगर मोहल्ले में 17 सितंबर की शाम पोपो मुंडा पर गोली चलाने वाले दोनों आरोपी आखिरकार गिरफ्त में आ गए।
गुप्त सूचना पर गुरुवार देर रात पुलिस ने छापेमारी कर बादल समासी और करन पात्रो को उनके घर से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान एक देसी पिस्टल और मैगजीन भी जब्त की गई। पूछताछ में दोनों ने गोली चलाने की बात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार बादल समासी की उम्र 21 वर्ष है और उस पर पहले भी चोरी का मामला दर्ज हो चुका है। वहीं, दूसरा आरोपी करन पात्रो नाबालिग है और 17 साल का बताया जा रहा है। दोनों गांधी नगर के ही रहने वाले हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद से दोनों फरार थे और लगातार ठिकाना बदल रहे थे। आखिरकार मुखबिर की जानकारी पर पुलिस टीम ने कार्रवाई कर उन्हें पकड़ लिया।
छापेमारी में थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के साथ कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

