
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के शैक्षणिक विकास को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सोमवार को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के नये भवन के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया. इस भव्य समारोह में सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
समारोह में दोनों जनप्रतिनिधियों ने को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज को क्षेत्र का बड़ा शैक्षणिक केंद्र बनाने की उम्मीद जताई. विधायक सरयू राय ने कहा कि वर्ष 2017 में उन्होंने भवन निर्माण का प्रस्ताव पहली बार झारखंड सरकार को दिया था. उन्होंने कहा, “लंबे इंतजार के बाद अब यह सपना साकार हो रहा है और कॉलेज जल्द ही विश्वविद्यालय के दर्जे की ओर बढ़ेगा. नए भवन से यह कॉलेज कोल्हान क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा.”
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि अब छात्रों को कानून की पढ़ाई के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. स्थानीय विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं व बेहतर माहौल यहीं उपलब्ध होंगे.
झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अनुसार परियोजना की कुल लागत 24 करोड़ 22 लाख 17 हजार 202 रुपये है और निर्माण कार्य 21 माह में पूरा होगा. वास्तुकार चड्ढा एंड एसोसिएट्स, रांची हैं, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी एम/एस आर एस अग्रवाल, रांची को दी गई है.
नये भवन से कॉलेज के बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव आएगा और कोल्हान विश्वविद्यालय क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी.

