
उदित वाणी जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए बिरसानगर निवासी गुरुचरण गोराई का खोया हुआ करीब 15 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद कर लिया। यह उपलब्धि थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम की अथक मेहनत का परिणाम है।
कैसे खोया था सामान?

26 सितंबर को गुरुचरण गोराई टाटानगर स्टेशन से ऑटो द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्यूब कंपनी गेट के पास उनका बैग ऑटो से नीचे गिर गया। बैग में सोने-हीरे के कीमती गहने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई जरूरी दस्तावेज थे। घटना की जानकारी उन्होंने तुरंत बर्मा माइंस थाना को दी और आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई।
तीन दिनों की मेहनत से मिली सफलता
आवेदन मिलते ही थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने लगातार तीन दिनों तक गहन खोजबीन की और विभिन्न पहलुओं की जांच की। आखिरकार पुलिस ने मेहनत रंग लाई और पूरा सामान सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया।
बरामद किए गए सामान में शामिल हैं –
• एचपी कंपनी का लैपटॉप – 01
• निकोन कंपनी का कैमरा – 01
• सोने का हार – 01
• हीरे की अंगूठी – 02
• सोने की अंगूठी – 05
• सोने के कान के झुमके – 04 पीस
• सोने का कान का बटन – 01 पीस
• हीरे के कान की रिंग – 02
• सोने का लॉकेट – 01
• घरेलू कागजात एवं बैंक पासबुक
इन सभी वस्तुओं की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
दुर्गा पूजा से पहले मिली राहत
दुर्गा पूजा जैसे व्यस्त समय में, जब पुलिस बल की जिम्मेदारियां कई गुना बढ़ जाती हैं, तब इस सफलता ने बर्मा माइंस थाना की कार्यकुशलता को और भी उजागर किया है। इस अभियान में थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के साथ उपनिरीक्षक कृष्ण महतो और विनय कुमार पांडेय ने भी सराहनीय भूमिका निभाई।
पुलिस पर बढ़ा जनता का भरोसा
इस सफलता ने न केवल गुरुचरण गोराई को बड़ी राहत दी, बल्कि आम जनता का विश्वास भी पुलिस पर और मजबूत किया है। यह साबित करता है कि जमशेदपुर पुलिस हर चुनौती का सामना करने और नागरिकों की सुरक्षा व संपत्ति की रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है।

