
उदित वाणी जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना अंतर्गत राजेन्द्र मिडिल स्कूल परिसर में हुए बम विस्फोट के मामले में, जमशेदपुर कोर्ट में एडीजे-4 आनंद मनी त्रिपाठी की अदालत ने बुधवार को सुनवाई के दौरान आरोपी विजय सवैया को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। यह घटना 23 अगस्त 2015 की है। इस मामले में तत्कालीन बागबेड़ा थाना प्रभारी, बुधवार उरांव ने मनोज पांडेय उर्फ पगला, नरेश बेसरा, विजय सवैया, कमल बहादुर, और अशोक ठाकुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर में बताया गया था कि घटना के दिन रात 9:30 बजे सूचना मिली कि राजेन्द्र मिडिल स्कूल परिसर में बम विस्फोट हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और बम के अवशेष बरामद किए। लोगों ने बताया कि शाम को स्कूल परिसर में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे, तभी अपराधी मनोज पांडेय अन्य के साथ वहां आया था। उसी दिन मनोज पांडेय जेल से रिहा होकर आया था। पुलिस के अनुसार, बम विस्फोट हत्या के उद्देश्य से किया गया था। मामले में कुल आठ लोगों की गवाही हुई थी। विजय सवैया के खिलाफ पुलिस ने आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया था, जबकि अन्य के खिलाफ अनुसंधान अभी जारी है।
