
उदित वाणी, जमशेदपुर : जिला बार एसोसिएशन, जमशेदपुर ने नए व पुराने कोर्ट परिसर में फर्जी अधिवक्ताओं की बढ़ती गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को नोटिस जारी किया. अध्यक्ष श्री रतिंद्रनाथ दस एवं महासचिव श्री राजेश रंजन के हस्ताक्षरित इस आदेश में कहा गया है कि कुछ असामाजिक तत्व अधिवक्ता बनकर न केवल आम लोगों को ठग रहे हैं, बल्कि अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों का भी हनन कर रहे हैं.
बार के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि ऐसे फर्जी व्यक्ति पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसी क्रम में आज सिविल कोर्ट परिसर में जिला बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य अनंत गोप के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल नए रजिस्ट्रार से मिला. अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्रार को बुके भेंट करते हुए डीड, रजिस्ट्री, कोर्ट मैरिज सहित अन्य कानूनी कार्यों के दौरान अधिवक्ता आई-कार्ड की अनिवार्य जांच पर जोर दिया.
रजिस्ट्रार ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. बैठक में अधिवक्ता मोहम्मद आफताब आलम, रविंदर ठाकुर, एम.पी. सिंह, सलिल जी, जितेंद्र कुमार समेत कई अधिवक्ता उपस्थित थे.
जिला बार के इस सख्त रुख से फर्जी अधिवक्ताओं में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों को कानूनी ठगी से बचाने के लिए यह कदम अहम माना जा रहा है.

