
उदित वाणी, रांची: जमशेदपुर नगर सहायक पुलिस अधीक्षक शुभांशु जैन का तबादला कर दिया गया. उन्हें रांची का नगर एसपी नियुक्त किया गया. इनके साथ ही सरकार द्वारा 8 आईपीएस में कुछ का तबादला व कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया.
महानिदेशक रेल अनिल पालटा को स्थानांतरित करते हुए महानिदेशक गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं के पद पर पदस्थापित किया गया. महानिदेशक प्रशिक्षण अनुराग गुप्ता को स्थानांतरित करके सीआईडी के महानिदेशक नियुक्त किया गया. अपर पुलिस महानिदेशक झारखंड सशस्त्र पुलिस प्रशांत सिंह अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के पद पर पदस्थापित किये गये. पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत पुलिस महानिरीक्षक मनोज कौशिक पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय बनाये गये.
कौशिक अपने कार्यों के अतिरिक्त प्रभात कुमार के अवकाश अवधि तक पुलिस महानिरीक्षक प्रोविजन व पुलिस महानिरीक्षक विशेष शाखा के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे. रांची के प्रक्षेत्रीय आईजी पंकज कंबोज एससीबी के आई जी नियुक्त किये गये.
एसटीएफ के उप महानिरीक्षक अनूप बिरथरे रांची के डीआईजी नियुक्त किये गए. गिरिडीह के सहायक पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां रांची के ट्रैफिक एसपी नियुक्त किये गए.
