
उदित वाणी जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक गंभीर घटना घटी, जिसमें कुख्यात अपराधी संतोष थापा गिरोह के सदस्य सुभाष प्रमाणिक पर अज्ञात अपराधियों ने हमला किया। घटना के समय सुभाष प्रमाणिक अपने घर के बाहर टहल रहा था, जब करीब आधा दर्जन अपराधियों ने उस पर गोलियां बरसाईं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुभाष पर कुल चार गोलियां चलाई गईं, जिनमें से दो गोलियां उसे लगीं। उसे तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक गोली निकाल दी है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।सुभाष प्रमाणिक का नाम बाबू गोप हत्याकांड और सतबहिनी में हुए ट्रिपल मर्डर केस में भी सामने आया था। इसके अलावा, वह कृष्णा गोप हत्याकांड का मुख्य गवाह भी था।घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। इस गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है, और स्थानीय लोग डरे हुए हैं। पुलिस द्वारा अपराधियों की तलाश जारी है, और जल्द ही उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

