
उदित वाणी, जादूगोड़ा : आगामी दुर्गा पूजा को लेकर शनिवार को जादूगोड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं और पुलिस-प्रशासन ने उन पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
बैठक में जादूगोड़ा मोड़ पूजा कमेटी ने विसर्जन घाट की साफ-सफाई और उचित लाइट की व्यवस्था की मांग की. साथ ही सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशमी को संध्या के समय भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की बात कही. ग्राम प्रधान जुगल सिंह सरदार ने कॉलोनी क्षेत्र में बाहरी दुकानदारों को दुकानें लगाने से रोकने का सुझाव दिया. समिति के सदस्यों ने जादूगोड़ा कॉलोनी गेट से माटीगोड़ा तक स्ट्रीट लाइट लगाने, हाईमास्ट लाइट की मरम्मत, सुरदा पूजा कमेटी इलाके में सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी उठाई.
रेस ड्राइविंग और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर रोक लगाने की भी प्रमुख मांग रखी गई. इस पर प्रशासन ने कहा कि पूजा के दौरान शराबियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी. प्रशासन ने पूजा समितियों से अपने-अपने वालंटियर रखने और किसी भी विवाद को शांति से सुलझाने की अपील की. साथ ही यह भी कहा कि यदि कोई मामला संवेदनशील हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, प्रशासन हर समय मदद को तत्पर रहेगा.

बैठक में बताया गया कि जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में कुल 20 जगह दुर्गा पूजा आयोजित की जाती है, जिसमें से 15 लाइसेंसी और 5 गैर-लाइसेंसी पूजा समितियां हैं. इसके अलावा दो स्थानों पर रावण दहन का आयोजन होता है — एक ईचढ़ा दुर्गा पूजा समिति और दूसरा गोपालपुर दुर्गा पूजा समिति द्वारा.
प्रशासन ने आश्वासन दिया कि हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा और सभी से दुर्गा पूजा व दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की.

