
उदित वाणी, रांची: राज्य में इन्कम टैक्स विभाग द्वारा दूसरे दिन भी कांग्रेस के दोनों विधायक प्रदीप यादव व अनूप सिंह के गोडडा, रांची के अलावा बोकारो के बेरमो स्थित ठिकानों में छापामारी की गई.
बेरमो के कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह के बेरमो स्थित आवास में दूसरे दिन भी इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी जारी है. पिछले 24 घंटे से इनकम टैक्स के अधिकारी विधायक के ढोरी स्थित आवास में कागजातों की जांच कर रहे है. विधायक के करीबी लक्की सरदार के जरीडीह बाजार स्थित आवास में भी शुक्रवार देर रात छापेमारी की गई.
वहीं विधायक के अन्य करीबियों के यहां भी इनकम टैक्स के अधिकारियों ने दबिश दी. अनूप सिंह के करीबी कोयला कारोबारी अजय सिंह के आवास में भी कार्रवाई जारी है.
बताया गया कि अजय सिंह के आवास से आयकर अधिकारियों ने एक काला बैग लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की फुसरो शाखा गई. बाद में आयकर अधिकारियों ने पैसे गिनने की मशीन अजय सिंह के आवास पर मंगायी. उधर गोड्डा में पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीय यादव और उनके करीबी श्याम सुंदर यादव नामक कारोबारी के यहां भी आईटी की रेड जारी रखा गया है.
बताया गया कि श्याम सुंदर के ठिकानों से लाखों की नकदी व कई दस्तावेज जब्त किया गया है. श्याम सुंदर यादव बड़े ठेकेदार हैं और गोड्डा में उनका होटल भी है.
गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे ने तंज कसते हुए कहा कि गरीबों के नेता विधायक प्रदीप यादव के सहयोगी के यहाँ पैसे की गिनती आयकर विभाग कर रही है. गोड्डा में करोड़ों रुपये मिलना बड़ी बात है. ज़मीन व व्यापार में लगभग १०० करोड़ के निवेश किया गया है. हालांकि अभी तक आईटी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

