
उदित वाणी, जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्याल के विद्यार्थियों के लिए इस सत्र के एकेडेमिक बैंक ऑफ क्रेडिट यानी एबीसी का आईडी बनाना अनिवार्य होगा. इस आईडी के खुलने से विद्यार्थी अपने डिग्री, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट प्रोग्राम में मल्टीपल एग्जिट व एंट्री कर सकते हैं.
यानी कि वे जब मर्जी पढ़ाई छोड़ सकते हैं और दोबारा से दाखिल हो सकते हैं. इस प्रक्रिया से विद्यार्थियों के रिकार्ड पर कोई असर न पड़े इसलिए विद्यार्थियों के अंकों का बैंक बनाया जाएगा. जो अकादमिक बैंक आफ क्रेडिट (एबीसी) के नाम पर होगा.
इसे लेकर विस्तृत जानकारी देने के लिए शनिवार को जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें चार वर्षीय स्नातक प्रोग्राम विषयक इस एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय के आईक्यूएसी सेल के द्वारा किया गया. इस कार्यशाला के रिसोर्स पर्सन के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार पाणी शामिल हुए.
कार्यशाला का शुभारंभ डॉ. प्रभात कुमार पाणी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्यप्रिय महालिक एवं अन्य उपस्थित शिक्षकों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया.
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्यप्रिय महालिक ने डॉ. पाणी एवं विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राचार्यों को पुष्प गुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया. कॉमर्स के संकायाध्यक्ष डॉ. वीके. मिश्रा ने रिसोर्स पर्सन का परिचय प्रस्तुत किया. तत्पश्चात डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने पीपीटी के माध्यम से नई शिक्षा नीति-2020 के संदर्भ में संशोधित चारवर्षीय स्नातक प्रोग्राम की विशेषताओं, पाठ्यक्रम, क्रेडिट प्रणाली, परीक्षा के अंक विभाजन, प्रश्न-पत्र के प्रारूप इत्यादि के बारे में विस्तारपूर्वक बताया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा नए संशोधित पाठ्यक्रम के अनुसार ही ली जाएगी तथा इसके लिए विद्यार्थियों का एबीसी आईडी होना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने बताया कि प्रथम सेमेस्टर के संशोधित पाठ्यक्रम कोल्हान विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं, जहां से इन्हें डाउनलोड किया जा सकता है.
कार्यशाला में जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह, ए.बी.एम.कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ‘पीयूष’, बहरागोड़ा कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बाला कृष्णा बेहरा, सिंहभूम कॉलेज चांडिल के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सरोज कुमार कैबर्त, पटमदा डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुमंत कुमार सेन, टीचर्स एसोसिएशन ऑफ कोल्हान यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र भारती ने भी अपने अपने विचार प्रस्तुत किए.
इस कार्यशाला में जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, जेकेएस कॉलेज मानगो, सिंहभूम कॉलेज चांडिल, जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज एवं अन्य महाविद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए.
कार्यशाला के समापन के पूर्व रिसोर्स पर्सन डॉ. प्रभात कुमार पाणी को कॉमर्स के संकायाध्यक्ष डॉ. वी. के. मिश्रा द्वारा मेमेंटों भेंट किया गया. कार्यक्रम का संचालन आईक्यूएसी सेल कॉर्डिनेटर प्रो. कुमारी प्रियंका एवं हिन्दी के सहायक प्राध्यापक प्रो. हरेन्द्र पंडित ने किया. धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. अशोक कुमार महापात्रा ने दिया.

