
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिरसानगर मंडल कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत मंडल कमिटी गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गुरुपदो गोराई ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड पर्यवेक्षक सामंता कुमार उपस्थित रहे। अपने संबोधन में आनन्द बिहारी दुबे ने निर्देश दिया कि बिरसानगर क्षेत्र में मुहल्ला व बुथ कमिटियों का गठन प्राथमिकता के आधार पर तेज़ी से किया जाए। उन्होंने कहा कि नए लोगों को जोड़कर संगठन के आधार को मज़बूत बनाना समय की मांग है।
इंटरमीडिएट छात्रों का एडमिशन रोके जाने पर जताई चिंता
बैठक में भाग ले रहे स्थानीय लोगों ने एक गंभीर जनसमस्या की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट के छात्रों के एडमिशन अचानक रोक दिए गए हैं, जिससे छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। साथ ही यह स्थिति इंटरमीडिएट के शिक्षकों के नियोजन को भी संकट में डाल रही है। इस विषय पर जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने आश्वस्त किया कि इस मुद्दे को लेकर वे 28 जून को पूर्वाह्न 12 बजे जिला उपायुक्त से मिलेंगे। जिला कांग्रेस कमिटी का एक प्रतिनिधिमंडल इस संबंध में ज्ञापन सौंपकर ठोस समाधान की मांग करेगा।
हर जोन में चलेगा संपर्क अभियान
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड पर्यवेक्षक सामंता कुमार ने कहा कि बिरसानगर के सभी जोन में एक व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।
कौन-कौन रहे मौजूद?
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से मौजूद नेताओं में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे, पर्यवेक्षक सामंता कुमार, मण्डल अध्यक्ष गुरुपदो गोराई, जिला सचिव गीता सिंह, मीना नाग, वीणा नाग, हरिहर प्रसाद सहित बडे संख्या में मण्डल कांग्रेस कमिटी के कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

