
उदित वाणी, जमशेदपुर : देश के प्रतिष्ठित इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) हैदराबाद ने देश की महिला उद्यमियों के लिए नया कोर्स शी बिल्ड एआई शुरू किया है, जिसमें देश की 15 महिलाओं का चयन हुआ है. इन 15 महिलाओं में जमशेदपुर की श्रद्धा अग्रवाल भी शामिल है, जो विजकी नामक एआई उपक्रम संचालित करती है.
दो माह के इस कोर्स में इन महिला उद्यमियों को न केवल अपने एआई आधारित बिजनेस को बेहतर करने के गुर सीखाएंगे जाएंगे, बल्कि कोर्स की समाप्ति के बाद उनके उद्यम की फंडिंग भी की जाएगी. श्रद्धा अग्रवाल ने बताया कि इस कोर्स के लिए चुना जाना आसान नहीं है. देश भर की हजार महिला उद्यमियों ने इस कोर्स के लिए आवेदन किया था, जिसमें से केवल 15 का चयन हुआ है. इस कोर्स का मकसद देश की नवोदित और एआई आधारित बिजनेस में महिला उद्यम को प्रोत्साहित करना है.
उल्लेखनीय है कि विजकी एक व्हाट्स अप आधारित एआई सहायक है जो व्यस्त लोगों को काम और समय-सीमाओं को याद रखने में मदद करता है. यह रोज़मर्रा के मैसेज, वॉइस नोट्स और इमेज को सरल रिमाइंडर और टू-डू लिस्ट में बदल देता है. प्राइवेसी और आसान इस्तेमाल के लिए डिज़ाइन किया गया, यह बैकग्राउंड में चुपचाप काम करता है ताकि यूज़र्स बिना कोई नया ऐप इंस्टॉल किए संगठित रह सकें.

