
उदित वाणी, जमशेदपुर: सोनारी में जेवर दुकान हुई डकैती के विरोध में राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार के केन्द्रीय महासचिव किषोर कुमार वर्मा ने बयान जारी कर इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जमशेदपुर जैसे शहर लौहनगर ‘अपराध-नगर’ में परिवर्तित होता जा रहा है। किषोर कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस के लगातार निष्क्रिय कार्यशैली के कारण अपराध एवं गलत करने वालों का मनोबल बढ़ गया है। अपराधियों में पुलिस का दहशत नहीं है, उन्होंने कहा कि बड़े आश्चर्य की बात है कि दिन दहाड़े भीड़ वाले बाजार में डकैती कर अपराधी भयमुक्त होकर फरार हो जाते हैं।
उन्होंने जल्द से जल्द अपराधियों के गिरफ्तारी की मांग की है। किषोर कुमार वर्मा ने कहा कि शहर के ही नहीं पूरे प्रदेश के छोटे, मंझोले एवं बड़े जेवर दुकानदार आज भय के वातावरण में व्यवसाय करने को मजबूर हैं। एक तरफ अपराधियों का भय बना रहता है, वहीं समय-समय पर धारा 411 के तहत पुलिस का सॉफ्ट टारगेट भी जेवर दुकानदार ही होते हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में कई जेवर दुकान में कई चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन उद्भेदन नाम मात्र का होता है। किषोर कुमार वर्मा ने कहा कि 4 सितंबर को हावड़ा में होने वाली बैठक में जमशेदपुर से संस्था के दो दर्जन सदस्य जा रहे हैं, वहां से लौटने के बाद इस विषय को लेकर पुलिस प्रशासन से मिलकर अपनी मांगों को रखेंगे।
