
उदित वाणी, जमशेदपुर : अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा द्वारा झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच की विशेष प्रांतीय कार्यक्रम श्रृंखला के तहत 15 दिसंबर 2025 को दो महत्वपूर्ण सेवा-प्रधान कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इन कार्यक्रमों में समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वयंसेवकों एवं स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया.
पहले कार्यक्रम के तहत शाखा स्तर पर स्वयंसेवकों का सम्मान किया गया. रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए युवा सार्थक अग्रवाल (निवर्तमान प्रांतीय महामंत्री, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच) को सम्मानित किया गया. उन्होंने अनेक बार रक्तदान और प्लेटलेट दान कर जरूरतमंदों का जीवन बचाया है. जरूरत पड़ने पर तत्काल रक्त की व्यवस्था करवा कर वे जमशेदपुर शहर में “रक्तवीर” के नाम से विख्यात हो चुके हैं. रक्तदान के क्षेत्र में उनके कार्यों को झारखंड ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी एक मिसाल माना जा रहा है.

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में समाज के संजय अग्रवाल को सम्मानित किया गया. उन्होंने वर्ष 2014 में अपने जीवनकाल में 10,000 नीम के वृक्ष लगाने का संकल्प लिया था, जिसके तहत अब तक वे 5,000 से अधिक वृक्षों का रोपण कर चुके हैं. बिना प्रचार-प्रसार के पर्दे के पीछे रहकर वृक्षारोपण को जीवन का लक्ष्य बनाकर उनका निरंतर प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण पेश कर रहा है.
गौ सेवा के क्षेत्र में कैलाश सरायवाला को सम्मानित किया गया. वे टाटानगर गौशाला के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं और पिछले आठ वर्षों से प्रतिदिन अपना अधिकतर समय गौशाला में बिताकर समर्पित भाव से गौ सेवा में लगे हुए हैं. गौ सेवा के प्रति उनका लगाव और नियमित उपस्थिति समाज के युवा वर्ग के लिए प्रेरणा का स्रोत बताई गई.

दूसरे कार्यक्रम “सेल्फी विथ सोशल हीरो” के तहत शहर के स्वच्छता कर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए स्नेहिल सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया. रोजाना सड़कें साफ रखने और नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया. मंच पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ भारत की कल्पना इन स्वच्छता नायकों के बिना अधूरी है.

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मियों को नाश्ते के रूप में समोसा, जलेबी, ब्रेड चॉप और गरमागरम चाय का वितरण कर उनके प्रति आत्मीयता और सम्मान प्रकट किया गया. साथ ही उनके साथ सेल्फी लेकर उन्हें विशेष महसूस कराया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष युवा विकास शर्मा, सचिव युवा हेमंत हर्ष अग्रवाल, सहसचिव युवा उत्तम शर्मा और उपाध्यक्ष युवा हेमंत गुप्ता सहित कई पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे.

