
उदित वाणी जमशेदपुर: विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम एवं जिला सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ की ओर से समाहरणालय सभागार में बुधवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति तथा आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
इस वर्ष की थीम “Fostering disability inclusive Societies for advancing Social Progress” के अनुरूप कार्यक्रम में दिव्यांगजन-हितैषी नीतियों, समान अवसर, अधिकारों और सामाजिक प्रगति में उनकी भागीदारी पर विस्तृत चर्चा की गई। सामाजिक संगठनों, दिव्यांगजन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिव्यांगजनों के लिए सेवाओं और सुविधाओं को और मजबूत करने पर अपने सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. अंसारी द्वारा 10 दिव्यांग beneficiaries को ई-ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांगजनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री ने कहा कि समाज तभी प्रगतिशील माना जा सकता है जब दिव्यांगजन सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और उन्हें समान अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिव्यांगजन-हितैषी योजनाओं को तेजी से लागू कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ द्वारा दिव्यांगता के प्रकार, सरकारी प्रावधानों एवं तकनीकी सहयोग से जुड़े विषयों पर प्रस्तुति भी दी गई, जिससे लोगों को जागरूक किया जा सके।

