
* टर्मिनल परिसर में 50 आदर्श पार्किंग, 23 एलिगेटिंग बस वे, 300 कार और 350 बाइक पार्किंग की होगी सुविधा
* पांच मंजिला टर्मिनल भवन के फर्स्ट फ्लोर में 80 सीटोंवाले एसी वेटिंग हॉल, 120 बेड का यात्री डोरमेट्री व 60 बेड के चालक डोरमेट्री समेत होंगे अन्य सुविधायें
उदित वाणी, रांची : औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में अत्याधुनिक परिवहन सुविधा देने की दिशा में राज्य सरकार ने मानगो डिमना चौक के पास अंतरराज्यीय बस टर्मिनल [आईएसबीटी] के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सुगम और आरामदायक परिवहन के संकल्प के तहत डिमना चौक के पास 13 एकड़ जमीन पर इस बस डिपो का निर्माण किया जायेगा. नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने परियोजना को हाइब्रिड एन्युइटी मोड पर बनाने की सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है और प्रस्ताव को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए संचिका मुख्यमंत्री को भेजा गया है.
नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार को उच्च गुणवत्ता युक्त आईएसबीटी निर्माण का निर्देश भी दिया गया है और इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जुडको को दी गई है. कर्नाटक की आइडेक एजेंसी द्वारा परियोजना का खाका तैयार किया गया है तथा बस डिपो के निर्माण में 145.24 करोड़ रूपये की लागत आयेगी. जिसमें पांच मंजिला टर्मिनल भवन में दो बेसमेंट व ग्राउंड प्लस तीन मंजिलें होंगे. जबकि एक बेसमेंट व ग्राउंड फलोर समेत तीन मंजिला एक वाणिज्यिक भवन भी होगा.
टर्मिनल परिसर में 50 आदर्श पार्किंग, 23 एलिगेटिंग बस वे, 300 कार और 350 बाइक पार्किंग के अलावा जल संसाधन विभाग का कार्यालय एवं गोदाम, एसटीपी, डब्ल्यूटीपी, ईटीपी और आंतरिक सड़क की भी व्यवस्था होगी. टर्मिनल भवन के फर्स्ट फ्लोर पर 80 सीटों वाला एसी वेटिंग हॉल, 120 बेड का यात्री डोरमेट्री, 60 बेड का चालक डोरमेट्री, फूड कोर्ट, दुकानें, सुरक्षा कार्यालय, ट्रेवल एडमिन ऑफिस और शौचालय होंगे. ग्राउंड फ्लोर पर 23 बस वे, 18 टिकट काउंटर, क्लॉक रूम, लॉजिस्टिक सेंटर, रेस्टोरेंट, पब्लिक शौचालय और फूड कोर्ट की सुविधा होगी. परिसर को झारखंडी कला और पेंटिंग्स से भी सजाया जायेगा.
