
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला स्थित इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन ने दुर्गोत्सव के शुभ अवसर पर मंगलवार को भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का हिस्सा बनते हुए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या डॉ. स्वीटी सिन्हा ने अपने सारगर्भित विचार रखते हुए कहा कि स्वस्थ परिवार ही सशक्त समाज और राष्ट्र की नींव है।
डॉ. सिन्हा ने अभियान के मूल विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य परिवार कल्याण के प्रति जन-जन तक जागरूकता फैलाना है। उन्होंने समाज को स्वास्थ्य संरक्षण, महिलाओं की सशक्त भूमिका, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में महिला सशक्तिकरण सत्र हुआ, जिसमें प्राचार्या डॉ. सिन्हा ने महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता, रोजगार के अवसर और निर्णय लेने में उनकी भागीदारी पर विशेष बल दिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार और टीकाकरण के प्रति जागरूकता लाना था।
भारत सरकार द्वारा चलाया जा रहा ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान एक देशव्यापी स्वास्थ्य पहल है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आरंभ किया गया है। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।

