
उदित वाणी, रांची: भाजपा के सिंदरी के विधायक इंद्रजीत महतो के पुत्र 27 बर्षीय विवेक कुमार महतो की जहर खाने से मृत्यु हो गई. विवेक मूरी स्थित अपने किसी करीबी मित्र के यहां गया था और वहीं रविवार की सुबह लगभग 10 बजे उसने सल्फास की गोली खा लिया.
इसकी जानकारी मिलते ही उसे आनन-फानन में सिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां स्थिति बिगड़ने के बाद देर शाम बरियातू स्थित मेडिका अस्पताल में शिफ्ट किया गया. जहां इलाज के दौरान सोमवार को सुबह उनकी मृत्यु हो गई. विवेक का इलाज डॉ विजय मिश्रा कर रहे थे.
डाॅक्टर के मुताबिक सल्फास की गोली खाने के बाद अस्पताल में लाने के दौरान वह एक्टिव था और एडमिट करके उनकी गहन जांच की गई. लेकिन जहर धीरे-धीरे उसके पूरे शरीर में फैल गया और मल्टी ऑर्गन फेल होने की वजह से विवेक की मृत्यु हो गई.
बताया गया कि गोला इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक करने के बाद एमटेक में एडमिशन के लिए वह दिल्ली में गेट की तैयारी कर रहा था. वह विधायक इंद्रजीत महतो का बड़ा बेटा था और बताया गया कि अपने पिता की बीमारी की वजह से तनाव में था. ज्ञात हो कि इंद्रजीत महतो का लंबे समय से हैदराबाद में इलाज चल रहा है.
मधुपुर उपचुनाव में प्रचार के दौरान इंद्रजीत कोरोना संक्रमित हुए थे. जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर होती चली गई थी. 17 अप्रैल 2021 को ही उन्हें एयरलिफ्ट कर हैदराबाद ले जाया गया था.
तब से वे वहीं इलाजरत हैं. इधर विवेक के मेडिका में इलाज की जानकारी मिलने के बाद उनकी मां पूर्व जिप सदस्य तारा देवी, इंद्रजीत महतो के विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र महतो, विधायक के छोटे पुत्र प्रशांत कुमार महतो व पुत्री निशी कुमारी रविवार की रात को ही रांची पहुंचे थे और विवेक की रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए उसके शव को झरिया स्थित बलियापुर ले जाया गया.

