
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारतीय डाक विभाग ने कोल्हान क्षेत्र में आधुनिक डाक सेवाओं की दिशा में एक नई पहल करते हुए एनआईटी जमशेदपुर परिसर में कोल्हान का पहला जेन ज़ी पोस्ट ऑफिस की शुरुआत की. युवाओं की बदलती जरूरतों और डिजिटल युग को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए इस डाकघर का उद्घाटन एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधार ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर सिंहभूम मंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने कार्यक्रम की मेजबानी की.
यह ‘जेन ज़ी पोस्ट ऑफिस’ पारंपरिक डाकघरों की अवधारणा से अलग है, यहां रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, डाक बचत बैंक, बीमा और अन्य डाक सेवाओं के साथ-साथ युवाओं को आकर्षित करने के लिए नि:शुल्क वाई-फाई, कॉफी मशीन, टेलीविजन और मैगजीन कॉर्नर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. इसका उद्देश्य छात्रों और युवाओं को एक सहज और आधुनिक माहौल में डाक सेवाएं प्रदान करना है. डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान और भारतीय डाक की युवा-केंद्रित सोच का प्रतीक है आने वाले समय में इस तरह के और ‘जेन ज़ी पोस्ट ऑफिस’ शैक्षणिक संस्थानों और शहरी क्षेत्रों में खोले जाने की योजना है, ताकि नई पीढ़ी को डाक सेवाओं से जोड़ा जा सके.
इंटीरियर एनआईटी जमशेदपुर के छात्रों ने डिजाइन किया
इस डाकघर की खास पहचान इसका रचनात्मक इंटीरियर है, जिसे एनआईटी जमशेदपुर के छात्रों ने स्वयं डिजाइन किया है दीवारों पर छात्रों द्वारा बनाई गई कलाकृतियां डाकघर को एक नया और आकर्षक स्वरूप देती हैं उद्घाटन के दौरान छात्रों में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने इस अनोखे डाकघर में तस्वीरें और वीडियो भी बनाए.

