
उदित वाणी, जमशेदपुर : 15 अगस्त को पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर में कौन मंत्री राष्ट्र ध्वज फहरायेंगे यह स्पष्ट नहीं है. मंत्रिमंडल समन्वय विभाग द्वारा दो अगस्त को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया गया था कि जमशेदपुर में स्कूली शिक्षा व साक्ष्रता मंत्री रामदास सोरेन तिरंगा फहरायेंगे. परंतु दो अगस्त को ही शिक्षा मंत्री का ब्रेन स्ट्रोक होने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी हालत नाजुक है. लिहाजा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में राजस्व एवं भूमि सुधार व परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ झंडोत्तोलन करेंगे.
जबकि वित सह संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर डालटेनगंज, कल्याण मंत्री चमरा लिंडा गुमला, श्रम नियोजन व कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव गोड्डा, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी जामताड़ा, जल संसाधन व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन देवघर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह पाकुड़, पेयजल एवं स्वच्छता व उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद बोकारो, नगर विकास व पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह तथा कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की लोहरदगा में तिरंगा फहरायेंगे. इस संबंध में मंत्रिमंडल समन्वय विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर जिलों के डीसी-एसपी को मंत्रियों से समन्वय स्थापित कर झंडोत्ताोलन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है.
