
उदित वाणी, जमशेदपुर: 15 अगस्त 2025 को खालसा मिडिल/हाई स्कूल, बर्मामाइन्स में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आदिवासी नृत्य, देशभक्ति गीत, भांगड़ा और गिद्धा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर में गर्व और उल्लास का वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरदार हरभजन सिंह, मुख्य – रणनीति एवं एचआर, एक्सएलआरआई दिल्ली तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व उपाध्यक्ष रहे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय मानव चरित्र निर्माण का मंदिर है और गुरुजनों व माता-पिता का ऋण जीवनभर नहीं चुकाया जा सकता।
इस अवसर पर सरदार बक्शीश सिंह मेमोरियल अवार्ड की घोषणा भी की गई। इसके अंतर्गत हर वर्ष मैट्रिकुलेशन बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को ₹10,000 की नकद राशि प्रदान की जाएगी। इस वर्ष यह सम्मान सत्यम कुमार सिंह को दिया गया। मुख्य अतिथि ने उन्हें ₹10,000 का चेक भेंट किया।
समारोह में एस. सलविंदर सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा), हरभजन सिंह (उपाध्यक्ष), गुरदयाल सिंह (चेयरमैन), योगा सिंह (संयुक्त सचिव), सुखपाल सिंह (स्कूल सचिव), सतबीर सिंह “सोमू” (स्कूल सह सचिव), इंस्पेक्टर दलविंदर सिंह, रविंदर सिंह, परविंदर कौर (अध्यक्षा, स्त्री सत्संग), हेड मास्टर संजय कुमार सिंह और प्राचार्या रोशनी कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री रीना ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सतबीर सिंह “सोमू” ने प्रस्तुत किया। समारोह ने न केवल देशभक्ति की भावना को प्रबल किया बल्कि विद्यार्थियों में प्रेरणा और उत्साह का संचार भी किया।

