
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाके में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब वर्धमान ज्वैलर्स में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 5 से 7 की संख्या में अपराधी ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और अचानक हथियार निकालकर आतंक मचाने लगे। उन्होंने दुकान मालिक पर पिस्टल की बट से हमला कर घायल कर दिया और शो-केस में रखे लाखों रुपये के गहने व जेवरात समेट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सिटी एसपी सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस ने आसपास के इलाके को घेराबंदी में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
इस वारदात की सबसे अहम बात यह है कि ज्वैलर्स की दुकान से कुछ ही दूरी पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का कार्यालय स्थित है। बावजूद इसके अपराधियों ने इतनी बड़ी लूट को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कुल कितने गहने और कितनी रकम की लूट हुई है। पुलिस का कहना है कि दुकान मालिक के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर जल्द ही लूटी गई संपत्ति का आकलन किया जाएगा। उधर, घायल ज्वैलर्स मालिक का इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।
सोनारी की इस बड़ी लूट ने जमशेदपुरवासियों को झकझोर कर रख दिया है। लोग खुलेआम दिनदहाड़े अपराधियों के इस दुस्साहस से हैरान हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

