
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रधान टोला में बीती रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और वहां रखे एलईडी टीवी, होम थिएटर, अलमारी से 10,000 रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना प्रधान टोला निवासी विनोद दास के घर में घटी।
जानकारी के अनुसार, विनोद दास बीते कुछ दिनों से अपने परिवार के साथ टेल्को स्थित दूसरे घर में रह रहे थे क्योंकि उनके प्रधान टोला वाले घर की बिजली कटी हुई थी। रविवार सुबह वे बच्चों की स्कूल की तैयारी के लिए घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है और अंदर का सामान बिखरा हुआ है। जांच करने पर कई कीमती सामान गायब मिले।
उन्होंने तुरंत इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने मांग की है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग अपने-अपने घरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गए हैं।
