
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत नामोटोला में घटित एक सनसनीखेज मामले ने शहर को हिला दिया है। बीती रात पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद पति ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले के मुख्य आरोपी विवेक पांडेय उर्फ लड्डू पांडेय को बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर 6 स्थित लोहा सिंह बागान से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। विवेक पांडेय, जो पहले से विवाहित और दो बच्चों का पिता है, कई महिलाओं से अवैध संबंध रख चुका है। वह युवतियों से वीडियो कॉल पर बातचीत कर दूसरे मोबाइल से उनकी रिकॉर्डिंग करता था। बाद में निजी वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर पैसे, गिफ्ट और शारीरिक संबंध के लिए दबाव डालता था। पुलिस ने उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो, फोटो और लेन-देन से जुड़े सबूत बरामद किए हैं। विवेक का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जबकि उसका बड़ा भाई सेना से भगोड़ा घोषित है और उस पर मारपीट व फायरिंग के मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतका शिल्पी मुखर्जी और आरोपी विवेक पांडेय दोनों पोटका स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे और करीब दो वर्षों से उनके बीच अवैध संबंध थे। घटना की रात शिल्पी वीडियो कॉल पर विवेक से आपत्तिजनक बातचीत कर रही थी, तभी उसका पति अचानक घर लौट आया। यह देखकर पति भड़क उठा और दोनों में तीखी नोकझोंक हुई। विवाद बढ़ने पर पति ने शिल्पी को पूरे फ्लैट में घसीटकर बेरहमी से पीटा और धारदार चाकू से उसके सिर व गले पर वार किया। इतना ही नहीं, उसने ओखली से कई बार हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
शिल्पी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पति ने पूरी घटना का विवरण व्हाट्सऐप स्टेटस पर डाल दिया और सुंदरनगर के कुदादा रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। पुलिस अब विवेक के अन्य पीड़ितों की पहचान में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।

