
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत एमई स्कूल रोड में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 30 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान चेतन जायसवाल के रूप में हुई है, जो अपनी बहनों के साथ उसी इलाके में रहता था।
घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह चेतन ने काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खोला। परिजनों ने जब आवाज दी और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने शक के आधार पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जुगसलाई थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और देखा कि चेतन का शव पंखे से लटका हुआ था। युवक ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। चेतन अविवाहित था और अपने परिवार में बेहद शांत स्वभाव का माना जाता था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
जुगसलाई थाना प्रभारी ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।
इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने और जांच में सहयोग की अपील की है।

