
उदित वाणी, जमशेदपुर: कोल्हान के डीआईजी अनु रंजन क्रिसपोटा आज जमशेदपुर पहुंचे. उन्हें एसएसपी कार्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद, उन्होंने कार्यालय सभागार में जिला के एसएसपी पीयूष पांडे, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, जिला के डीएसपी और अन्य थाना प्रभारियों के साथ एक अहम बैठक की.
इस बैठक में डीआईजी ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई आपराधिक गतिविधियों पर विशेष चर्चा की. उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल्द से जल्द सभी आपराधिक मामलों का निष्पादन किया जाए. साथ ही, उन्होंने थाना प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटनाएं न हों.
डीआईजी ने सभी अधिकारियों से अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पैनी निगाह रखने का भी अनुरोध किया. इसके अलावा, उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के अपराधियों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
डीआईजी ने कहा कि अपराध से जुड़ी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी को अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने होंगे.

