
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा में सोमवार की रात चोरों ने तांडव मचाते हुए एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाया। चोर करीब 45 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि चारों परिवार किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर का दरवाजा तोड़ा और अलमारी व लॉकर खंगाल डाले। लौटने पर परिजनों ने दरवाजे टूटे पाए और अलमारी खाली देख उनके होश उड़ गए। पीड़ितों का कहना है कि घटना में आसपास के किसी व्यक्ति की मिलीभगत हो सकती है, क्योंकि चोरों को घर के भीतर रखे सामान की पूरी जानकारी थी।
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा और छानबीन शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में गश्त तेज कर दी गई है। आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले के जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया गया है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी जांच में शामिल किया है ताकि चोरों के सुराग जुटाए जा सकें।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस गश्ती पर्याप्त नहीं है। वारदात के बाद ग्रामीणों ने रात में गश्ती बढ़ाने और इलाके में सीसीटीवी लगाने की मांग की है।
अचानक हुई इस बड़ी चोरी से क्षेत्र के लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

